बैरिया। ओरियंटल बैंक आफ कामर्स शाखा बैरिया में बृहस्पतिवार की रात खिड़की का ग्रिल काटकर चोरी का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह बैंक खुलने के बाद बैंककर्मियों को हुई। सूचना मिलते ही बैरिया एसएचओ अनिल चंद्र तिवारी मौके पर पहुंच गए और छानबीन की। शाखा प्रबंधक आदित्य कुमार की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात चोर बैंक की खिड़की की राड काट कर बैंक में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर बैंक में करीब डेढ़ घंटे तक रहा। अंधेरा होने के करण उसका चेहरा सीसीटीवी में स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा था। बैंक के लाकर का लाक बैंक के चाबी से नहीं खुल पा रहा है। विशेषज्ञ को मुख्यालय से बुलाया गया है।
बैंक का लाकर खुलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बैंक का कैश चोरी गया है या नहीं। समाचार लिखे जाने तक स्ट्रांग रूम का लाकअप खुल नहीं पाया था। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक/ सीओ बैरिया उमेश कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने से ऐसा लग रहा है कि बैंक का धन चोरी होने से बच गया है, क्योंकि स्ट्रांग रूम के लाकर का ताला लाक हुआ है उसके भीतर दो लाकर हैं और उसमें पैसा रखा हुआ है। फिर भी पूरी स्थिति लाकर खुलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।