उभाव थाना क्षेत्र के मझौवां ग्राम में देवर द्वारा कुल्हाड़ी के प्रहार से गंभीर रुप से घायल महिला का इलाज वाराणसी के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में चल रहा था। जिसकी रविवार की देरशाम को मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति के तहरीर पर आरोपी देवर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
उभांव थाना क्षेत्र के मझौंवा ग्राम में बीते शुक्रवार को अपराह्न घर के संपत्ति बंटवारे को लेकर शराब के नशे में धुत देवर विनोद ने घर में सोई भाभी बबीता (35) पत्नी श्याम बिहारी पर कुल्हाड़ी से जान से मारने की नीयत से हमला कर घायल कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर कुल्हाड़ी के साथ थाना पहुंच गया साथ पूरा प्रकरण बताया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के साथ ही कुल्हाड़ी बरामद कर लिया। इस बीच घायल बबिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर पहुंचाया गया। जहां गंभीर स्थिति के चलते सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से भी चिकित्सकों ने घायल महिला को वाराणसी रेफर कर दिया। जहां ऑपरेशन के बावजूद उसे दो दिन तक होश नहीं आया। रविवार की देरशाम को घायल महिला ने दम तोड़ दिया।