बैरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा स्थित विवादित भूमि पर जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत के निर्देश पर लगाए गए बोर्ड गायब करने के मामले में पुलिस ने सीएचसी के अधीक्षक की तहरीर पर गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा के प्रांगण में वर्षों पहले बने जच्चा-बच्चा केंद्र को नवंबर माह में जेसीबी से तोड़ने के साथ ही उक्त भूमि पर खड़े दर्जनों पेड़ो को काट दिया गया था। तब अस्पताल प्रशासन की तरफ से दिए तहरीर के मुताबिक बैरिया थाने में एफआईआर दर्ज किया गया। उस समय जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने मौके का निरीक्षण कर तहसीलदार को कई बिंदुओं पर आदेश दिया था। जिसमें से एक आदेश यह भी था कि सोनबरसा अस्पताल स्थित भूमि पर तीन-चार बोर्ड लगवा दें, बोर्ड पर लिखा होगा कि यह जमीन अस्पताल की है जो भी इस जमीन को खरीद बिक्री करेगा वह स्वयं जिम्मेदार होगा। इस बोर्ड को मंगलवार की रात उखाड़ कर गायब कर दिया गया। गुरुवार को सीएचसी के अधीक्षक डा. विजय यादव ने बैरिया थाने पर मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।