दुबहर। चार अक्तूबर की शाम लापता हुए पिपरा गांव निवासी गोरख यादव की सिर कटी लाश शनिवार की प्रात: मिलने से सनसनी फैल गई। बांसडीहरोड थाना के उधोदवनी-विनवा के छपरा मार्ग स्थित पटखौली शेर गांव के बाहर कुएं में लाश उतराई हुई थी। जांच में केवल धड़ ही मिला, सिर नहीं मिला। सूचना पर एसपी श्रीपर्णा गांगुली, सीओ सिटी एके सिंह, बांसडीहरोड पुलिस व दुबहर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में युवक के छोटे भाई मुन्ना यादव की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। लाश मिलने के बाद एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। लाश को प्लास्टिक में डालकर जुट की बोरी और फिर प्लास्टि की बोरी बांधकर कुएं में फेंक दिया गया था। मौके से पुलिस ने पेटीकोट की डोरी व रस्सी भी बरामद की है।
मालूम हो कि दुबहर थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी गोरख यादव चार अक्तूबर से लापता था। जबकि पांच अक्तूबर की शाम उसके घर के बगल में स्थित धान के खेत से उसका चप्पल, मोबाइल मिला और खून के छींटे दिखाई दिए। उसी दिन से जिले के कई थाने की पुलिस पिपरा गांव सहित आसपास के गड्ढों, कुओं सहित खेतों में छानबीन की जा रही थी। हालांकि मुकदमा दर्ज होने के बाद से सातों आरोपी पकड़ से दूर थे लेकिन एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
शनिवार की प्रात: बांसडीहरोड थाना के उधोदवनी-विनवा के छपरा मार्ग स्थित पटखौली शेर गांव के बाहर स्थित कुंए से दुर्गंध आ रही थी। खेत घूमने गए ग्रामीण जब कुएं के पास पहुंचे, जहां कुंए में बोरा देखा। जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी, सीओ सिटी, बांसडीहरोड पुलिस व दुबहर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बोरे को बाहर निकलवाया। जिसे खोला गया तो उसमें युवक की सिर कटी लाश मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। इस मामले में दुबहर पुलिस ने शनिवार की सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शेष आरोपी अब भी फरार चल रहे है। इस बाबत एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि लापता गोरख यादव का शव बांसडीहरोड क्षेत्र स्थित एक कुएं में मिला। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।