बैरिया(बलिया)। तहसील क्षेत्र के रेवती, बैरिया और दोकटी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है। अवैध शराब बनाने वाले बेखौफ हो कर बैरिया के दयाछपरा और रेवती के भाखर, दुषाध टोली में शराब बना रहे हैं। इसके बाद उन्हें बोरी में भरकर बाइकों से विभिन्न गांवों में पहुंचाया जा रहा है। कार्रवाई के नाम पर पुलिस के सिर्फ कोरम पूरा करने से तस्करों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों के मानें तो अवैध शराब के गोरखधंधे में संलिप्त लोग रोजाना बाइक से रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर, नारायनगढ़, मानगढ़, गोपालनगर, वशिष्ठनगर, शिवाल में अवैध शराब पहुंचा रहा है। रेवती थाना अंतर्गत दुमाईगढ़ घाट से बिहार भी शराब की खेप भेजी जाती है। वहीं बैरिया थाना अंतर्गत करमानपुर, तालिबपुर, मधुबनी, बिशुनपुरा, चाईछपरा, मिश्र के मठिया, इब्राहिमाबाद, शिवनटोला में अवैध शराब बेची जा रही है। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन और चांददीयर के माझी मार्ग, गंगा घाट से बिहार के छपरा, आरा, सीवान में शराब की खेप भेजी जा रही है। दोकटी थाना क्षेत्र के भी दर्जनों गांवों में अवैध शराब का काला कारोबार हो रहा है। पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई न होने से शराब माफिया के हौसले बुलंद हैं।