चिलकहर। थाना क्षेत्र के फेफना- रसड़ा मार्ग के चिलकहर चट्टी के समीप बुधवार की सुबह बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दंपती सहित पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पति को मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी एवं पुत्र की हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
फेफना थाना क्षेत्र के मन्नूपुर निवासी वीरेंद्र यादव (46) अपनी पत्नी उर्मिला देवी (40) एवं पुत्र अनुराग यादव (14) के साथ बाइक से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने बलिया गए थे। वहां से तीनों अपने घर लौट रहे थे। अभी तीनों चिलकहर चट्टी पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दिया। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आनन -फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिक्षक पति को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी और पुत्र को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर, जिला अस्पताल में घटना के बाद चिकित्सकों द्वारा व्यक्ति को मृत घोषित करने के बाद परिवार के लोग हो हल्ला मचाने लगे। शोरगुल सुनकर वहां पर मौजूद पुलिस ने घटना की सूचना अपने नजदीकी ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी को दे दी। चौकी प्रभारी के पहुंचते ही मामला शांत हो गया।