सिकंदरपुर। गाजीपुर जिले के असीमाबाद थाना क्षेत्र के राजापुर कला निवासी व कमरून खातून के पिता नूर मोहम्मद शाह की माने तो उसकी बेटी की हत्या ससुरालियों ने दहेज के लिए की है। दहेज में गाड़ी, सोने की चैन व रुपयों की मांग को लेकर बराबर प्रताड़ित करते थे। यह बातें कहते हुए जिला अस्पताल पहुंचे पिता फूट-फूट कर रोए जा रहे थे।
पिता नूर मोहम्मद ने बताया कि चार दिसंबर 2012 को पुत्री की शादी बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कोथ निवासी तौकीर शाह के पुत्र सलामत शाह के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ की थी। इस दौरान सामर्थ्य के अनुसार सामान दिए थे। शादी के बाद उनकी बेटी को दो संतान पुत्री जेनिश (4) व पुत्र शमीम (2) हुए थे। तहरीर में आरोप लगाया कि सास, ससुर व उसका पति आए दिन पुत्री पर दहेज के लिए दबाव बनाते थे। पुत्री द्वारा विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया करते थे, जिन्हें कई बार समझाने का प्रयास भी किया गया। चार दिसंबर की देर रात कमरून खातून और उसके दो संतानों पुत्री जेनिश व पुत्र शमीम को जलाकर मार डाला। उधर, ग्रामीणों की माने तो मृतका का पति घर पर ही रहता था। इसको लेकर अक्सर पति व पत्नी में आए दिन कहासुनी हुआ करती थी।
कोथ गांव में दो बच्चों के साथ झुलसने से मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पड़ोसियों की माने तो पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी ने किसी बात को लेकर विवाद होता था। लेकिन ऐसी घटना हो जाएगी, किसी को अंदाजा नहीं था। घटना देर रात हुई, इसलिए इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। पड़ोसियों की माने तो आग में झुलसने के बाद आवाज सुनकर जब वे लोग पहुंचे, तब तक परिवार वाले उन्हें लेकर अस्पताल जाने की तैयारी में थे। आग कैसे लगी, इस बारे में जानकारी नहीं हो पाई है।