फेफना (बलिया)। थाना क्षेत्र के कपूरी गांव में शुक्रवार की दोपहर डंपर की जद में आने से आजाद यादव (12) की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बच्चे के शव को लेकर एनएच जाम कर दिया, जिससे सड़कों की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाया, लेकिन कोई भी मानने का तैयार नहीं थे, बाद में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद किसी प्रकार जाम समाप्त हुआ, तब जाकर आवागमन बहाल हुआ।
कपूरी गांव में ब्रह्मचारी जी के पोखरे के पास अमन यादव पुत्र आजाद यादव (12) अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। वहीं रेलवे लाइन पर मिट्टी काटकर डंपर पर डाला जा रहा था। इस बीच खेलते समय अमन किसी प्रकार डंपर की जद में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद काफी समय तक किसी सरकारी अधिकारी के न पहुंचने से ग्रामीण गुस्सा गए और उन्होंने कपूरी गांव के ही सामने एनएच को जाम कर दिया। लगभग दो घंटे जाम के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने जाम स्थल पर जाकर मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिए। इसके बाद जाम समाप्त कराया। इस दौरान रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी।