मिठौरा। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सिंदुरिया में सीताराम की आरा मशीन पर छापेमारी वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर 40 बोटा लकड़ी बरामद की। आरा मशीन को सीज करने के साथ ही मालिक पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। वन विभाग की इस छापेमारी से क्षेत्र मेें हड़कंप मच गया है।
डीएफओ मनीष सिंह ने शुक्रवार की सुबह पांच बजे रेंजर ओपी मिश्रा, फारेस्टर डीपी कुशवाहा, अमेरिका प्रसाद, मोबिन अली, चौकी इंचार्ज सिंदुरिया रामसहाय चौहान व अन्य वन कर्मियों को लेकर आरा मशीन पर छापेमारी की। यहां से 40 बोटा जंगल की कीमती लकड़ी पकड़ी। सात कमरों में 22 बोटा साखू, 18 बोटा सागौन रखा गया था।
रेंजर ओम प्रकाश मिश्रा ने आरा मशीन को सीज कर दिया। सभी बरामद लकड़ियों की माप लेकर ट्राली-ट्रैक्टर से दक्षिणी चौक स्थित गोदाम में वन कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था में रखवा दिया गया। इस बीच मौका पाकर आरा मशीन मालिक फरार हो गया।
डीएफओ मनीष सिंह ने कहा कि बरामद लकड़ी को जप्त करने के साथ ही आरा मशीन को सीज कर दिया गया है। साथ आरा मशीन मालिक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
डीएफओ की पत्नी ने पूरी की महिला कर्मी की कमी
महराजगंज। सिंदुरिया आरा मशीन की छापेमारी के दौरान डीएफओ मनीष सिंह के साथ उनकी पत्नी वैशाली भी आयी थी। वन विभाग में कोई महिला वन कर्मी नहीं होने के कारण घर में तलाशी लेने में परेशानी हुई तो उन्होंने जांच में सहयोग किया। बताया जाता है कि वह घर के अंदर की महिलाओं को आवाज लगाकर दरवाजा खोलवाया।
खुद आगे बढ़कर वन कर्मियों की मदद की। इसके बाद घर में रखी लकड़ी बरामद हो सकी। वन कर्मियों ने डीएफओ की पत्नी के इस कदम की सराहना की। डीएफओ ने बताया कि सिंदुरिया आरा मशीन से नवंबर 2017 में भी साइकिल पर लदी सात बोटा साखू की लकड़ी बरामद हुई थी।
कमरे की तलाशी के दौरान बीस बोटा साखू और सागौन की लकड़ी बरामद कर आरा मशीन पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया था और आरा मशीन को सीज कर दिया था। खराब रिकॉर्ड के कारण आरा मशीन की छापेमारी कर लाखों रुपये के साखू और सागौन की लकड़ी बरामद किया गया है।
वन टीम ने बोटा सहित सात साइकिल किया बरामद
लक्ष्मीपुर। शुक्रवार को भोर में लक्ष्मीपुर रेंज के बरगदवा मधुबनी में दूसरे दिन भी जंगल से काट कर सात बोटा लकड़ी वनटीम ने पकड़ लिया। वही तस्कर वनटीम को चकमा देते हुए साइकिल छोड़कर भागने में सफल रहे।
शुक्रवार को भोर में प्रभारी वनक्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद गश्त पर निकले। वह बरगदवा मधुबनी के पास पहुंचे ही थे कि उसी समय जंगल से साखू का पेड़ काटकर तस्कर सुरक्षित स्थान पर लेजा रहे थे। वन टीम को देखकर वन माफिया चकमा देकर अपनी साइकिल छोड़कर भागने में सफल रहे।
वही टीम ने सात बोटा साखू व सात साइकिल को अपने कब्जे में लेकर रेंज ले गए। जहां अज्ञात के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। वनक्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद का कहना है कि जंगल की कटान को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। कटान करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।