नगरा। थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ा गांव में हुई चोरी की रिपोर्ट शनिवार की देर शाम पुलिस ने दर्ज किया। यह मुकदमा अमर उजाला द्वारा एडीजी वाराणसी को ट्वीट करने के बाद पुलिस ने दर्ज किया। जबकि नगरा पुलिस इतनी बड़ी चोरी की घटना को दबाने के प्रयास में लगी हुई थी। जिसके कारण वह मुकदमा पंजीकृत नहीं कर रही थी।
मालूम हो कि नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ा गांव निवासी मोहम्मद वसीम का परिवार 30 मई की रात खाना खाकर सो गया था। इसी बीच चोरों ने घर के पीछे लगे खिड़की को तोड़ दिया और कमरे में घुस गए। कमरे के अंदर रखे आलमारी को तोड़ने के बाद चोरों ने बैग निकाल लिया और बाहर लाकर बैग में रखे लगभग 9 लाख रुपए के सोने व चांदी के गहने तथा 97 हजार रुपये नगदी निकाल कर बैग फेंक दिया था। पीड़ित को घटना की जानकारी सुबह हुई। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करती रही।
तीन दिन तक रिपोर्ट दर्ज न होने पर अमर उजाला ने जब चोरी की घटना के बाबत पुलिस से जानकारी चाही तो पुलिस टाल मटोल की भाषा में बात की। इसके बाद अमर उजाला ने बलिया पुलिस सहित एडीजी वाराणसी को ट्वीट कर चोरी की घटना के बाबत पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करने जानकारी दी। एडीजी के निर्देश पर नगरा पुलिस शनिवार की देर शाम चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। ग्रामीणों का कहना है कि जब इतनी बड़ी चोरी की घटना में पुलिस मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही है तो छोटी छोटी चोरियों की क्या स्थिति होगी। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है।