बलिया। ददरी मेला क्षेत्र में सोमवार की रात कानपुर देहात के खजला दुकानदार गुड्डन तिवारी की हुई हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाली में बुधवार को खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि खजला दुकानदार को पीट पीट कर हत्या करने वाले उप्र के मुज्जफरनगर जिले के थाना बुढ़ना क्षेत्र के बवाना गांव निवासी विक्की राठौर उर्फ विकास तथा इसी जिले के थाना फुगाना क्षेत्र के फतेहपुर खेढ़ी उर्फ नीम खेढ़ी निवासी अमित कुमार सिंह हैं। यह दोनों बेदुआ निवासी हरिशंकर राय सभासद के मकान में किराये पर रहते थे। दोनों अभियुक्तों की ददरी मेले में ऊनी कपड़े की दुकान थी। एसपी ने बताया कि मेले के दौरान दोनों अभियुक्तों की बीड़ी को लेकर खजला दुकानदार गुड्डन के भतीजा नीरज दीक्षित से कहासुनी हो गई थी। इस दौरान अभियुक्तों ने नीरज को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी बात को लेकर दोनों सोमवार की देर रात अपने अन्य साथियों के साथ खजला की दुकान पर नीरज को मारने के लिए पहुंचे, लेकिन संख्या कम होने के कारण वहां से लौट गए और कुछ देर बाद नशे में धूत होकर 10-12 साथियों के साथ दुबारा खजला दुकान पर पहुंचे और दुकानदार गुड्डन तिवारी सहित पांच लोगों को डंडे, हाकी व राड से मारपीट कर जख्मी कर दिया। जिसमें गुड्डन तिवारी की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।