जयप्रकाशनगर (बलिया)। रसोई गैस सिलेंडर की घटना में घायल बहू व बेटे की मौत के सदमे से अभी सुभाष प्रजापति का परिवार उबर भी नहीं पाया था कि बुधवार की सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी व उनके पुत्र की भी मौत ने झकझोर कर रख दिया।
जयप्रकाशनगर के नईबस्ती दलजीत टोला में बीते शुक्रवार की रात में सुभाष प्रजापति के घर में गैस सिलेंडर फटने के चलते कई लोग घायल हुए थे। घटना के दूसरे दिन ही बहू पूनम देवी की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी, जबकि पुत्र इंदल प्रजापति की मौत सोमवार की देर रात हो गई। इसके बाद बुधवार की सुबह पत्नी मुन्नी देवी और पुत्र अजय कुमार (22 वर्ष) की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सिलेंडर फटने से हुई अगलगी में जहां सब कुछ जल कर राख हो चुका है वहीं आग से झुलसे तीन लोगों की मौत से पूरा परिवार बेहाल है। ऐसे में परिवार की रोजी-रोटी चलाने वाला भी कोई नहीं रह गया है। अभी परिवार के अधिकांश सदस्यों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा। वहीं कुछ सदस्यों को चिकित्सक ने घर भेजा है। गंभीर रुप से झुलसे पीड़ित जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बावजूद पैसे के अभाव में जीवन मौत से जूझ रहे हैं।
मदद को आगे आ रहे लोग
जयप्रकाशनगर। नई बस्ती में हादसे के बाद परिवार के खाने पीने का सामान जल चुका था। ऐसे में उन पीड़ित परिवार की सहायता के लिए कोई न कोई आगे आ रहा है। बुधवार को मुन्नी देवी की मौत की सूचना पर क्षेत्र में स्थित गैस एजेंसी संचालक माधवेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। एचपी गैस कंपनी की ओर से सभी मृतकों को पांच-पांच लाख रुपये और सभी घायलों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। बताया कि लखनऊ से सर्वे टीम चल चुकी है और 17 मई को पीड़ितों से मुलाकात कर तत्काल राहत के लिए भी कुछ धन मुहैया कराएगी।