बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है, लेकिन मामले में पुलिस हीलाहवाली कर रही है। काफी हो-हल्ला के बाद नरहीं पुलिस ने छेड़खानी व मारपीट का मुकदमा दर्ज खानापूर्ति कर दी है। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता का पिता केरल से गांव पहुंचा। इसके बाद शनिवार को परिजनों व ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर पीड़ा बताई। आरोपी युवक के विरुद्घ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर किशोरी को जिला अस्पताल में मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया।
पीड़िता के पिता ने तहरीर में उल्लेख किया है कि उसकी पुत्री शुक्रवार को करीब ढाई बजे शौच के लिए खेत में गई थी। जहां गांव के ही मनबढ़ युवक ने उसके साथ छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर मारापीटा भी। जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में झाड़ी में फेंक कर भाग गया। बच्चों के शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग वहां एकत्रित हुए और उसे उठाकर घर ले आए। इसके बाद यूपी 100 को सूचना दी। जब यूपी 100 पुलिस पहुंची तो आरोपी गांव छोड़कर भाग गया। तत्पश्चात पुत्री को लेकर परिवार वाले और गांव की औरतों नरहीं थाने पहुंची, जहां पुलिस ने तहरीर नहीं ली और न ही मेडिकल कराया। जब शनिवार को गांव के लोग थाने पर पहुंचे और हो-हल्ला किया तो तहरीर ली गई और दुष्कर्म का प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज खानापूर्ति कर दी। एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है, मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।