बलिया। 15 से 18 वर्ष तक के अवयस्कों को कोरोना टीका लगाने के लिए इंटर कॉलेजों में टीकाकरण बूथ बनाया जाएगा। इससे बेवजह की भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी, दूसरे हर बूथ पर पर्याप्त मात्रा में लाभार्थी भी उपलब्ध रहेंगे।
कोरोना से बचाव के लिए पहले कोरोना योद्धा घोषित स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों व अन्य सरकारी कर्मचारियों का टीकाकरण हुआ था। इसके बाद बुजुर्गों व गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को प्राथमिकता दी गई। 18 साल से ऊपर के युवाओं का भी टीकाकरण हो चुका है। अब किशोर-किशोरियों व बच्चों की बारी है। तीन जनवरी से किशोर-किशोरियों के टीकाकरण का अभियान शुरू होना है। इसमें भी पहले 15 से 18 साल तक अवयस्कों को रखा गया है। इनके टीकाकरण के लिए इंटरमीडिएट कॉलेजों में बूथ बनाए जाएंगे। वहां बड़ी संख्या में अवयस्क एक साथ मिल जाएंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि जिले के करीब तीन लाख अवस्यकों को पहले चरण में टीका लगाया जाएगा।
----
10 जनवरी से बूस्टर डोज
कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए बूस्टर डोज की शुरुआत हो रही है। इस बार भी स्वास्थ्य कर्मियों व अन्य फ्रंट लाइन वर्कर्स को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद बुजुर्ग व बीमार लोगों का नंबर आएगा। बूस्टर डोज लगाने का अभियान 10 जनवरी से शुरू किया जाएगा।
----
ऐसे बुक करें स्लॉट
सबसे पहले कोविन पोर्टल या एप पर जाएं। अपना मोबाइल नंबर डालें। ओटीपी आएगा, इसे डालकर लॉग इन करें पहचान पत्र का विकल्प चुनें। उसका नंबर डालें। इसके बाद लिंग व जन्मतिथि डालें। निकटतम क्षेत्र का पिन कोड डालें। इसके बाद टीकाकरण केंद्रों की सूची सामने आ जाएगी। टीकाकरण की तिथि, स्थान, समय व वैक्सीन का चयन करें। नियत तिथि व समय पर जाकर टीकाकरण करा सकेंगे। जो लोग स्लॉट बुक नहीं करा सकेंगे, उन्हें भी टीका लगाया जाएगा लेकिन ये सारी औपचारिकताएं बूथ पर उन्हें पूरी करनी होंगी।
-----