बलिया। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर तीसरी लिफ्ट का निर्माण शुरू हो गया है।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने पांच मार्च के अंक में तीन लिफ्ट में से सिर्फ दो का 80 फीसदी काम हुआ हेडिंग से खबर को प्रकाशित किया। रेलवे प्रशासन ने इसपर संज्ञान लिया। मौके पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर वर्क ने टीम के साथ निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिसके बाद ठेकेदार ने प्लेटफाॅर्म संख्या दो व तीन पर लिफ्ट के कार्य में तेजी लाई। वहीं, प्लेटफाॅर्म एक व चार की लिफ्ट को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
प्लेटफाॅर्म पर अक्सर एस्केलेटर बंद होने व लिफ्ट अभी शुरू न होने से प्लेटफाॅर्म बदलने के लिए यात्रियों को फुटब्रिज से आना-जाना पड़ता है। डाउन की अधिकतर ट्रेनें प्लेटफाॅर्म दो-तीन से रवाना होती हैं। मेन गेट से आने वाले यात्री सीढ़ी चढ़कर या ट्रैक पार कर ट्रेन पकड़ने जाते हैं।स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने कहा कि प्लेटफाॅर्म संख्या दो व तीन पर लिफ्ट का कार्य तेजी से चल रहा है। अन्य दो लिफ्ट के काम को अंतिम रूप देने में कंपनी के टेक्नीशियन लगे हैं। जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।