क्षेत्र के चेतन किशोर के मैदान में बसपा का कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। जरूरत है कार्यकर्ताओं को बसपा की नीतियों को जनजन तक पहुंचाने की।
उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए। इसमें 50 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार ने राज किया। अब देश और प्रदेश में भाजपा का राज है। बलिया ने देश को प्रधानमंत्री तक दिया। कई मंत्री भी दिए। जनपद की सड़कें आज भी खराब हैं। जिले में जो सुविधा होनी चाहिए, वह आज तक नहीं हो पाई। देश में गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कांग्रेस, भाजपा, सपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। देश को संविधान बाबा साहेब ने दिया लेकिन कांग्रेस ने ठीक ढंग से उसे लागू नहीं किया। सम्मेलन को डॉ. मदन राम, हरिश्चंद गौतम, जिला अध्यक्ष जितेंद्र भारती, श्रीकिशुन राम, विनोद चौहान, सुनील कुमार, सिकंदर राम, श्रीकृष्ण राम आदि लोगों ने संबोधित किया। अध्यक्षता समसुद्दीन राइन और संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत भारती ने की। मुख्य अतिथि ने संजीव वर्मा को विधानसभा सिकंदरपुर का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया।