बलिया में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें परिवार के एक युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, 12 वर्ष से दोनों परिवारों के बीच रास्ते का विवाद चल रहा है।
बलिया के एक गांव में शनिवार की सुबह भूमि विवाद में दो भाइयों के परिवारों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर, अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी एवं सीओ सदर जगवीर सिंह चौहान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस मामले में पुलिस ने युवक की मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुरचीट गांव में रास्ते के विवाद में दीनानाथ गोंड एवं स्वर्गीय वकील गोड़ के परिवार के बीच शनिवार की सुबह मारपीट हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे, संभल चलने लगे। इसमें एक पक्ष के अमरजीत गोंड उर्फ गोलू (20) पुत्र स्व. वकील गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसकी मां शैल कुमारी भी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं ग्रामीणों ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, 12 वर्ष से दोनों परिवारों के बीच रास्ते का विवाद चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने शैल कुमारी की तहरीर पर रामप्रवेश गोंड उर्फ बड़े और उनके पुत्र धर्मेंद्र गोंड एवं रामसेवक गोंड पर मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।