नगर से सटे मिड्ढा स्थित गैस गोदाम पर रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। लोगों ने खाली सिलेंडर रखकर डीएम दफ्तर के सामने जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान जिलाधिकारी यशवंत राव को ज्ञापन सौंपकर बार-बार की परेशानियों से मुक्ति दिलाने की मांग की। गैस एजेेंसी के कर्मचारियों के आश्वासन पर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वे मिड्ढा स्थित एक गैस एजेंसी के घरेलू गैस के ग्राहक हैं। अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग मोबाइल फोन से करवाते हैं।
उपभोक्ताओं को बुकिंग के साथ ही गैस का कैशमेमो भी मोबाइल पर मैसेज के रूप में आ जाता है। इसे बुकिंग के बाद तीन दिन में लेने का दिशा निर्देश पहले से निर्धारित है। तीन दिन के भीतर गैस रिफिल नहीं कराने वह कैश मेमो स्वत: निरस्त हो जाता है।
जबकि तीन दिन के भीतर गोदाम पर जाने के बाद वह अधिकांश समय बंद ही मिलता है। जो लोग गोदाम पर रहते हैं, वही लोग बताते हैं कि गैस समाप्त हो गया है।
गुरुवार को गोदाम पर गए उपभोक्ताओं को जब रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिला तो वे नाराज हो गए और नारेबाजी करने लगे। सभी उपभोक्ताओं ने रणनीति बनाकर कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया।
डीएम कार्यालय के समक्ष खाली सिलेंडरों को रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना गैस एजेंसी संचालक दीपक सिंह को हुई तो उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में तत्काल अपने कर्मचारियों को भेजा।
कर्मचारियों ने सिलेंडर की आपूर्ति का आश्वासन दिया। इस पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। ज्ञापन सौंपने वालों में हेमवंती वर्मा, रविंद्रनाथ वर्मा, मनोज, गणेश पांडेय, डा. रामनारायण यादव, सुनिल कुमार गुप्त, पंकज वर्मा, रामनाथ वर्मा, रजनीश तिवारी, कमरुद्दीन खां आदि शामिल रहे।