उधर, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने झगड़ा छुड़ाने वाले के खिलाफ मुकदमा लिखने और थाने में बैठाए जाने पर नाराजगी जताई और बृहस्पतिवार को दोकटी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने थानाध्यक्ष दिनेश पाठक के स्थानांतरण की मांग की। एसडीएम अभय कुमार सिंह और सीओ अशोक मिश्र ने विधायक को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अड़े रहे।
इसके बाद एएसपी विजय त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। लगभग एक घंटे चली वार्ता के बाद थानाध्यक्ष दिनेश पाठक को छुट्टी पर भेजने और मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया देने के बाद विधायक ने धरना खत्म किया। शांतिभंग में जो आरोपी पकड़े गए थे, उन्हें एसडीएम ने थाने से ही जमानत दे दी।
लालगंज बाजार में बृहस्पतिवार की सुबह ही पीएसी व पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी बैरिया अभय कुमार सिंह ने बताया कि एहतियातन पुलिस बल लगाया गया है। मामला शांत है। उधर, पुलिस कार्रवाई के विरोध में लालगंज के कुछ युवकों ने बाजार बंद करा दिया।
युवकों का कहना है कि यदि झगड़ा छुड़ाने वालों पर ही मुकदमा होने लगेगा तो न्याय कैसे मिलेगा। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है। क्षेत्राधिकारी जांच करेंगे। न्याय का आश्वासन मिला है।