बलिया। पुलिस विभाग द्वारा अदालती कार्यों में लापरवाही पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पराग यादव की कोर्ट द्वारा साइबर सेल प्रभारी से लगभग ढाई माह से रिपोर्ट मांगी जा रही है, लेकिन अभी तक स्पष्ट रिपोर्ट साइबर सेल प्रभारी द्वारा नहीं दी गई। सीजेएम ने प्रभारी साइबर सेल कोतवाली को 13 सितंबर को स्पष्ट आख्या समेत व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जापलिनगंज निवासी आर्यन कुमार के खाते से किसी फर्जी कंपनी द्वारा 1.40 लाख की ठगी की गई थी। शिकायतकर्ता को धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो ऑनलाइन शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर किया। यहां से शिकायतकर्ता को बताया गया कि 24 मई को 10 हजार और 25 मई को 40 हजार रुपये का स्थानांतरण होल्ड करा दिया गया है। इसके संबंध में न्यायालय ने कई बार रिपोर्ट तलब की, लेकिन अभी तक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई। इस पर न्यायालय ने प्रभारी साइबर सेल को स्पष्ट आख्या सहित तलब किया है।