बलिया। डीजल, पेट्रोल तथा गैस के दामों में हो रही वृद्धि के खिलाफ भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को चित्तू पांडेय चौराहा पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाकपा माले नेता लक्ष्मण यादव ने कहा कि सरकार अंबानी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थो का दाम लगातार बढ़ा रही है। देश में बढ़ रहे पेट्रोल, डीजल तथा गैस के दामों में हो रही प्रतिदिन वृद्धि के खिलाफ रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। कहा कि जिस जनता के दम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नसीब वाला बने हैं उसी जनता को वह इन चीजों का दाम और महंगाई बढ़ाकर उसे बेनसीब वाला बना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेलों का दाम लगातार घट रहा है फिर भी भाजपा के इस राज में मोदी सरकार अपने चुनिंदा औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थो के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी को रोक नहीं पा रही है। इस मौके पर मो. युसुफ खां, जैनुद्दीन, राजेश गोंड, खैरूल खां, रमेश बिंद, संतोष कुमार, मो. शाकिब आदि रहे।