स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल ने नाराजगी जताई। सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले तीन-तीन प्रभारी चिकित्साधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को चिह्नित करके उन्हें विशेष प्रतिकूल टिप्पणी देने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान यह कार्रवाई की। कुछ दबंग लोगों द्वारा सरकारी हैंडपंप को अपने बाउंड्री में कर लिये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रूख अपनाते हुए निर्देश दिया कि अभियान चलाकर ऐसे हैंडपंपों को हटवाकर बाउण्ड्री तोड़वाई जाए।
जिलाधिकारी ने लोहिया ग्राम की 2015-16 की कार्ययोजना 26 जून की शाम तक हरहाल में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक/जीआईसी प्रधानाचार्य के प्रतिनिधि के रूप में अमरनाथ यादव के बैठक में उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए इनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का निर्देश दिया।