बलिया। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने ट्रेन की बोगियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की कवायद शुरू कर दी है। इससे ट्रेनों में चोरी-डकैती व शराब तस्करी पर अंकुश लगेगा। दरवाजों के पास सामान्य आवागमन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
वाराणसी मंडल के छपरा -वाराणसी रूट पर सारनाथ एक्सप्रेस, छपरा-दिल्ली सहित आठ जोड़ी एक्सप्रेस व पांच जोड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेन में सीसी कमरे लगेंगे। इससे यात्री सुरक्षा के साथ शराब तस्करी पर रोक लगेगी।
तस्कर यात्री सामान के बीच में शराब की बोतल छुपा कर बिहार ले जाते हैं। जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रत्येक डिब्बे में चार कैमरे चारों दरवाजे पर एक-एक एवं इंजन में छह सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इंजन के आगे-पीछे और दोनों तरफ एक-एक कैमरा लगेगा। प्रत्येक केबिन (आगे-पीछे) में एक डोम सीसीटीवी कैमरा और डेस्क पर दो माइक्रोफोन लगाए जाएंगे।
उत्तर रेलवे के कुछ इंजनों एवं डिब्बों में इसका परीक्षण कर चुका है। वंदे भारत एक्सप्रेस में सीसी कैमरा लगा है। लगाए जाने वाले सभी कैमरे नए मानकों वाले होंगे ताकि सौ किमी प्रति घंटे से अधिक गति और कम रोशनी की स्थिति में चलने वाली ट्रेनों में भी उच्च गुणवत्ता वाले फुटेज उपलब्ध हो सके। अशोक कुमार ने कहा कि डिब्बों के सामान्य आवागमन क्षेत्रों में कैमरे लगाने का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा प्रबंध में सुधार लाना है। रेलवे बोर्ड को जिन ट्रेनों व बोगी में कैमरे लगाए जाने है, उसकी सूची तैयार कर बोर्ड में भेज दी गई है। आने वाले दिनों में सभी ट्रेनों में सीसी कैमरा लगाया जाएगा।