बलिया। मऊ के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला का जान जोखिम में डालने और प्रसूता के गर्भ में शिशु की मौत मामले में शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय बलिया की सीएमएस डॉ. माधुरी सिंह के खिलाफ मऊ कोतवाली में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मधुबन थाना के हकारीपुर निवासी देवेंद्र सिंह की तहरीर पर जांच के बाद की गई।
आरोप है कि जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. माधुरी सिंह का मऊ के सहादपुर में शिवम हास्पिटल नाम से नर्सिंग होम चलता है। वहां मधुबन थाना के हकारीपुर निवासी देवेंद्र सिंह 12 मई को अपनी बहू को प्रसव के लिए ले गए। आरोप है कि वहां डॉ. माधुरी सिंह ने लापरवाही बरती जिसके कारण पूरी रात महिला तड़पती रही। सुबह जब बहू की हालत खराब हो गई तो उन्होंने कहीं और ले जाने को कहा। इसके बाद महिला को परिजन किसी तरह शहर के ही एक नर्सिंग होम में लेकर गए, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख आपरेशन किया और मृत बच्चा निकालकर महिला की जान बचाई। इसके बाद पीड़ित ने जिलाधिकारी मऊ को पत्रक सौंप न्याय की गुहार लगाई। डीएम मऊ ने मामले की जांच सीएमओ को सौंपी जिसमें लापरवाही उजागर होने पर कोतवाली मऊ में शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. माधुरी सिंह पर धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कोट
मेरे ऊपर लगा आरोप बेबुनियाद है। मैं अवकाश में घर गई थी। इस दौरान एक रिश्तेदार के निवेदन पर 12 मई की रात को मरीज को सिर्फ देखा था। न तो मरीज को भर्ती किया और न ही मरीज को सुई व दवा दी। आपरेशन तो बहुत दूर की बात है। सबको पता है कि कोरोना के चलते सभी प्राइवेट नर्सिंग होम बंद चल रहे हैं। शिकायतकर्ता ने कहां प्रसव कराया मुझे पता नहीं।-डॉ. माधुरी सिंह, सीएमएस, महिला अस्पताल बलिया
-
कोट
- मऊ स्थित एक नर्सिंग होम की डॉक्टर माधुरी सिंह के विरुद्घ पीड़ित देवेंद्र सिंह के तहरीर पर मऊ कोतवाली में धारा 304 ए के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।-नरेश कुमार, सीओ सिटी, मऊ