बिगही गांव में बुधवार को हुई दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने बुधवार की देर रात घटना में घायल किशोर के पिता की तहरीर पर नौ नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को बिगही गांव निवासी निखिलेश, छोटू और गोलू को सोनवानी तिराहे के समीप करीब एक दर्जन की संख्या में युवकों ने घेर कर पीटने का प्रयास किया। इसी दौरान भागने का प्रयास करते समय हमलावरों ने बुलेट के पहिये में सरिया घुसा दिया। जिससे तीनों गंभीर रूप से गिरकर घायल हो गये। घटना में एक अन्य ग्रामीण जगदीश वर्मा की उसी वाहन की चपेट में आकर मौत हो गयी। घटना के बाद घायल किशोरों में से एक निखिलेश को डॉक्टरों ने गंभीर हालत में वाराणसी रेफर कर दिया। इसी मामले में पुलिस ने देर रात घायल निखिलेश के पिता गणेश तिवारी की तहरीर पर हमलावर पक्ष के सोनवानी थाना हल्दी के हरिजन बस्ती निवासी नौ लोगों के खिलाफ नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि मृत वृद्ध जगदीश वर्मा के पुत्र अखिलेश वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात दो पहिया वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पुत्र ने अपनी तहरीर में घटना करने वाले वाहन की कोई जानकारी नहीं दी है। इस बाबत थाना प्रभारी विनोद कुमार में बताया कि मामले में एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।