सिकंदरपुर-बलिया मार्ग पर खेजुरी बाजार के समीप हुए सड़क हादसे मृतक रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अठिल
पंदह। सिकंदरपुर-बलिया मार्ग पर खेजुरी बाजार के करीब शनिवार देर शाम प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामजी (30) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अठिलापुर गांव निवासी रामजी (30) पत्नी और छह महीने की पुत्री से मिलने मनियर स्थित ससुराल गए थे। शाम को वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेजुरी बाजार से पहले सामने से आ रही प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
रामजी सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेजुरी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि रामजी पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। रविवार को उन्हें पुणे के लिए रवाना होना था। जाने से पहले वह पत्नी और मासूम बेटी से मिलने ससुराल गए थे। दो वर्ष पहले ही उनकी शादी सावित्री से हुई थी। बेटे की मौत से मां कमला देवी, पत्नी सावित्री और दोनों छोटे भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने की चर्चा से माहौल और गमगीन हो गया था। खेजुरी थानाध्यक्ष लालमणि सरोज ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है। संवाद