नरहीं। सब्जी की खेती करने वाले किसानों के लिए मौसम पूरा मेहरबान है। पुरवाई ने भी भरपूर साथ दिया। किसानों की फसलों की बंपर पैदावार हुई लेकिन बाजार में भाव कम हो जाने से किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। थोक में नेनुआ चार से पांच रुपये किलो के भाव में बेचना पड़ रहा है।
गड़हांचल इलाके में बड़े पैमाने पर किसान सब्जी की खेती के साथ ही खीरा, ककड़ी, तरबूज की खेती करते हैं। सब्जी की खेती में नेनुआ, पालक, परवल, लौकी, टमाटर, बैगन, करैला, भिंडी की खेती होती है। मौसम ने ऐसा साथ दिया कि पूरवा हवा कई दिनों से बहने से फसलों की बंपर पैदावार हुई है। आलम यह है कि इन सब्जियों के भाव इतने कम हो गए हैं कि किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। शाहपुर बरौली के किसान शिव कुमार यादव, बब्बन साहनी, ओमप्रकाश यादव, बाढ़ू राजभर ने बताया कि इस साल मौसम ने तो भरपूर साथ दिया लेकिन बाजार भाव दगा दे दिया। भाव इतने गिर गए हैं कि लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। थोक में नेनुआ चार से पांच रुपए किलो के भाव में बेचना पड़ रहा है। ककड़ी दो सौ रुपये सैकड़ा पर बेच रहे हैं। तरबूज छह रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचने पर मजबूर हैं।
आज का थोक भाव
नेनुआ 400-500 रुपये क्विंटल
परवल 1400 रुपये क्विंटल
तरबूज 600 रुपये क्विंटल
खीरा 600 रुपये क्विंटल
ककड़ी 200 रुपये सैकड़ा
लौकी 500 रुपये सैकड़ा