बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले। इस दौरान दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। तीन लोगों की स्थिति नाजुक को देख चिकित्सकों उन्हें ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस दौरान एक पक्ष के वशिष्ठ सिंह की स्कॉर्पियो व बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि शिवानंद सिंह के घर का दरवाजा और खिड़की भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जगदीशपुर निवासी शिवानंद सिंह एवं शिवकुमार राजभर में जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट पत्थर चलने लगे।
एक पक्ष के शिवानंद सिंह (65), नवमी सिंह (60), वशिष्ठ सिंह (60 ), अमृता सिंह (22) तथा दूसरे पक्ष के शिवकुमार राजभर (40), डब्लू राजभर (35), शरफा देवी (35) जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विक्रमाजीत सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से 10 लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई। थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।