केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने पर टाउन हाल बापू भवन के सभागार में गुरुवार को एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए संचालित योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद भरत सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शुरूआत की गई। इस दौरान उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा।
सांसद भरत सिंह ने कहा कि यूपीए सरकार के दस वर्षों के शासन में भ्रष्टाचार के नित नए रिकार्ड से जनता का धैर्य टूट गया और देश में विश्वास की एक किरण के रूप में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी। कहा कि सरकार गठन के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में इस देश का कालाधन वापस लाने एवं कालाधान पैदा करने वाली व्यवस्था को समाप्त करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
गरीबों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गईं। जिसमें प्रधानमंत्री जनधन योजना, गैर सब्सिडी, उज्ज्वला योजना आदि लागू किया गया। कहा कि प्रधानमंत्री ने बलिया जनपद से उज्ज्वला योजना का शुभारंभ कर इस देश के पांच करोड़ गरीब महिलाओं में नि:शुल्क गैस कनेक्शन बांटने की मुहिम छेड़ी।
समारोह को मुख्य रूप से विधायक उपेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, हरेराम चौधरी, जयप्रकाश साहू, सुरेंद्र सिंह, रामइकबाल सिंह, नागेंद्र पांडेय, अनूप चौबे, जितेंद्र तिवारी, अमिताभ उपाध्याय, श्यामराज तिवारी, अरुण सिंह गामा, अरुण सिंह, परमिला गुप्त, कृष्णा पांडेय, रीता वर्मा, पिंटू सिंह आदि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे तथा संचालन सुजीत सिंह ने किया।