बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के बिगही नीरुपुर मार्ग पर जेसीबी की जद में आने से बाइक सवार अभिनंदन तिवारी के पैर की अंगुली कट गई। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल युवक के परिजनों की तहरीर पर जेसीबी चालक बृजेश चौहान सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिगही गांव निवासी युवक अभिनंदन तिवारी बाइक से निरुपुर मार्ग स्थित पुरास गांव समीप से गुजर रहा था। पाइप बिछाने के काम में जेसीबी लगी थी। इस दौरान युवक अभिनंदन ने जेसीबी चालक को रास्ता देने के लिए कहा। इसके बाद चालक बृजेश चौहान ने निकलने का इशारा किया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने जेसीबी का स्टैंड उसके पैर पर गिरा दिया। इससे युवक के दाहिने पैर की एक अंगुली कटकर अलग हो गई। आरोप है कि जेसीबी चालक और वहां मौजूद दो अन्य लोगों ने घायल युवक को गाली और धमकी भी दी। घायल अभिनंदन को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवक अभिनंदन के चाचा देवानंद तिवारी ने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी चालक बृजेश चौहान और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने वंश बहादुर सिंहने बताया कि जांच की जा रही है। संवाद