भीमपुरा। थाना क्षेत्र के भीमपुरा बरौली मार्ग पर जजौली स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात में खड़े ट्रक में बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक वहीं गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को मऊ भेजवाया जहां पर एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी सिंटू चौहान (25) पुत्र कन्हैया, शिव लाल चौहान (27) पुत्र चंद्रभूषण, शैलेश चौहान (28) पुत्र हरेंद्र भीमपुरा बाजार से मंगलवार की रात करीब 8 बजे अपने घर जा रहे थे। अभी वह जजौली स्थित पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि अनियंत्रित होकर उनकी बाइक वहां पर खड़े ट्रक से जाकर भिड़ी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मऊ स्थित निजी अस्पताल भेजवाया जहां चिकित्सकों ने सिंटू चौहान को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों का इलाज अभी चल रहा है। वहीं ट्रक चालक व खलासी भाग गए। पुलिस ने ट्रक व बाइक को कब्जे में ले लिया है।
एचटी तार की चपेट में आने से पेंटर की मौत
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर कालोनी में बुधवार की दोपहर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय सद्दाम शेख निवासी सवरूबांध थाना दुबहर की मौत हो गई। वहीं उसका 28 वर्षीय साथी इरफान शेख निवासी सवरुबांध व मकान मालकिन अनिता त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गई।
सद्दाम शेख पेंटर का काम करता था। बताया जा रहा है कि शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर कालोनी निवासी धर्मेंद्र त्रिपाठी के मकान के छत की रेलिंग सद्दाम व उसका साथी पेंट कर रहा था। इस दौरान सद्दाम बगल से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिससे सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी इरफान शेख व बगल में खड़ी मकान मालिक अनिता त्रिपाठी झुलस गई। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।