बलिया। डाक विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को बलिया मंडल में ‘हर घर डाकघर’ अभियान के तहत बाइक रैली और डाक चौपाल का आयोजन किया गया।
अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बाइक रैली उपडाकघर हल्दी से शुरू होकर बाबुबेल शाखा डाकघर और उपडाकघर मझौवा होते हुए गंगापुर शाखा डाकघर पहुंची। यहां आयोजित डाक चौपाल में ग्रामीणों को डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा, सावधि जमा, किसान विकास पत्र और पब्लिक प्रोविडेंट फंड सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, आधार, डिजिटल बैंकिंग, स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवाओं के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से नजदीकी डाकघर से जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में डाक निरीक्षक राहुल सिंह, सहायक शाखा डाकपाल स्नेहा सिंह, ग्राम प्रधान रमेश यादव, जनप्रतिनिधि रिंकू गुप्ता सहित डाककर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।