बलिया। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के तहत चयनित 704 अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन 13 से 26 अक्तूबर तक रिजर्व पुलिस लाइन में कराया जाएगा। इनमें 564 पुरुष और 140 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला अभ्यर्थियों के लिए 24 और 26 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई है। संबंधित अभ्यर्थियों के कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं।
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स आयुष कुमार सिंह ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को कॉल लेटर में निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्हें अपने सभी मूल अभिलेखों के साथ प्रत्येक अभिलेख की एक स्वप्रमाणित छायाप्रति लानी होगी। इसके अलावा आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक मूल पहचान पत्र और उसकी छायाप्रति के साथ पहुंचना होगा।
चिकित्सा परीक्षण में अनुपयुक्त घोषित किए जाने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार मंडलीय चिकित्सा परिषद, आजमगढ़ के समक्ष अपील करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए अपील संबंधी कार्रवाई उसी दिन पूरी करनी होगी। जिला कमांडेंट ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पुलिस लाइन परिसर में अभ्यर्थियों के अलावा केवल स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और होमगार्ड्स विभाग के अधिकृत अधिकारी एवं कर्मचारी ही प्रवेश कर सकेंगे। अभ्यर्थियों के अभिभावकों, परिजनों और अन्य अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी जरूरी अभिलेखों के साथ पहुंचने तथा कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है।