बैरिया। सोनबरसा अस्पताल परिसर का सुंदरीकरण 50 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा। यहां पर पार्क, सार्वजनिक शौचालय और गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। मुरली छपरा के ब्लाक प्रमुख एवं सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भाई कन्हैया सिंह ने इसकी बृहस्पतिवार को जानकारी दी। कहा कि क्षेत्र पंचायत की तरफ से यह कार्य होगा, कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग होगी।
उन्होंने बृहस्पतिवार को अवर अभियंता दिनेश कुमार, चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार यादव, देवेंद्र सिंह, मनोज सिंह और मुरली छपरा के प्रधान के मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण किया। कहा कि पार्क में पानी के फव्वारे के साथ भगवान शंकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अस्पताल के चहारदीवारी को ऊंची कर लोहे का ग्रिल लगाया जाएगा। आम लोगों को बैठने के लिए बड़ी संख्या में बेंच, छायादार पौधे लगाए जाएंगे। प्रांगण में तालाब बना कर नाव की व्यवस्था की जाएगी ताकि मरीज कुछ देर के लिए मन बहला सकें। पूरा अस्पताल परिसर सोलर लाइट से जगमगाएगा। पंखे, एक्सरे मशीन, फ्रीज और एसी भी सोलर लाइट सेट से चलाने की व्यवस्था की जाएगी। इस पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।