बलिया। अवैध शराब बनाने संबंधी वीडियो जिलाधिकारी के पास पहुंचने और जांच के दौरान इसकी पुष्टि होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर एसपी ने बीट सिपाही और डायल-112 के मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया। तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को जिलाधिकारी को पचखोरो और कचबचिया में किसी ने अवैध शराब बनाने संबंध वीडिओ भेजी थी। जिलाधिकारी ने तत्काल मौके पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी व जिला आबकारी अधिकारी की संयुक्त टीम भेजकर प्रकरण की जांच कर्राई। मौके से गन्ने का रस निकालने वाला कोल्हू और गुड़ बनाने का कड़ाहा बरामद हुआ। 159 पाउच अवैध शराब भी बरामद की गई। सुखपुरा थाने में आबकारी अधिनियम के साथ ही अन्य धाराओं में राजकुमारी पत्नी रामजी यादव, लल्लन यादव व विश्वनाथ राजभर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें महिला समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक फरार बताया जा रहा है।
मामले में जिलाधिकारी अदिति सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने तत्काल बीट सिपाही व डायल 112 के मुख्य आरक्षी को निलंबित करते हुए पूरे प्रकरण की प्रारम्भिक जांच सीओ सदर को सौंप दी है। डीएम-एसपी ने अपनी संयुक्त रिपोर्ट शासन को भेज दी है।