Ballia Road Accident: बलिया में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर के बाद उसके अगले हिस्से में बाइक फंस गई और 15 फीट तक घसीटती चली गई। जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बलिया जिले के सिकंदरपुर बस स्टेशन चौराहे पर सुबह बेल्थरा रोड के तरफ से आ रही अनियंत्रित पिकअप यूनियन बैंक के समीप एक बाइक सवार को रौंद डाला। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है।
विज्ञापन
घायल युवक की पहचान धर्मेंद्र पुत्र कैलाश निवासी किला कोहना सिकंदरपुर के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेल्थरा रोड की दिशा से तेज गति में आ रही पिकअप पर हरी सब्जियों का बोझ लदा था। पिकअप जैसे ही यूनियन बैंक के सामने पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पिकअप के नीचे फंस गई और करीब 10 से 15 फीट तक घसीटती चली गई। टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल बाइक सवार धर्मेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बलिया जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।