पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बलिया जिले की नगरा पुलिस ने शनिवार की रात चेकिंग के दौरान चार थानों में 18 से ज्यादा चोरी के मामले में वांछित चल रहे रुदल नट को मुठभेड़ के दौरान बाएं पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इसकी काफी दिनों से तलाश कर रही थी।
क्या है पूरा मामला
एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने कहा कि खरूआंव पोखरे के पास नगरा पुलिस नौ बजे चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया, लेकिन बिना रुके बदमाश पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा घेर लिया गया। इस दौरान उसने खुद को पुलिस से घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में बदमाश रुदल नट (25) निवासी नकहरा थाना गड़वार के बाएं पैर में गोली लगी। गिरफ्तार बदमाश ने पूछताछ के दौरान बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर चार व पांच जनवरी की रात में सुखपुरा बुढवा मंदिर से शिवलिंग व नाग चोरी किया था। वहीं 11 जनवरी की रात को बंगला चट्टी थाना गड़वार से एक टुल्लु पंप चोरी किया था।
इसे भी पढ़ें; Police Encounter: पशु तस्करी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, एक को लगी गोली; साथी संग गिरफ्तार
17 व 18 दिसंबर की रात सवन के कंपोजिट विद्यालय से ताला तोड़कर इन्वर्टर बैट्री, गैस सिलिंडर और काफी सामान चोरी किया था। साथ ही 14 व 15 नवंबर की रात को नगरा पुराना दुर्गा मंदिर से मंदिर का ताला तोड़कर मूर्ति से एक मुकुट तथा नथिया व दान पेटी से रुपये चोरी किया था।
घायल बदमाश रुदल नट जिसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में चल रहा है। पकड़े गए बदमाश रुदल नट के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक सफेद धातु का टुकड़ा वजन करीब 63.43 ग्राम बरामद हुई है।