बैरिया। नायब तहसीलदार रजत सिंह ने क्षेत्र के चारों गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धीमी गति से गेहूं क्रय करने पर क्रय केंद्र के मार्केटिंग इंस्पेक्टर को फटकार लगाई और क्रय कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
वहीं क्रय केंद्र हनुमानगंज, सोनबरसा व लालगंज पर विलंब से गेहूं खरीद चालू करने पर किसानों द्वारा पूर्व में लिए गए टोकन का समय समाप्त होने की समस्या पर नायब तहसीलदार ने कहा कि उप जिलाधिकारी द्वारा गेहूं क्रय केंद्रों को आदेशित किया गया है कि सभी केंद्रों पर वर्तमान के टोकन पर प्रतिदिन 350 क्विंटल व किसानों द्वारा पूर्व में लिए गए टोकेन का प्रतिदिन 350 क्विंटल कुल 700 क्विंटल प्रतिदिन गेहूं क्रय करना है ताकि किसानों को परेशानी ना हो।
उधर, सोनबरसा स्थित मंडी समिति के प्रांगण में खाद्य विभाग द्वारा निर्धारित समय के 44 दिन बाद बृहस्पतिवार को गेहूं क्रय का कार्य शुरू हुआ। पहले ही दिन किसानों से 200 क्विंटल गेहूं खरीद किया गया। इसके अलावा हॉट गोदाम रानीगंज पर 8510 क्विंटल, हॉट गोदाम लालगंज 300 क्विंटल व साधन सहकारी समिति हनुमानगंज पर 2934 क्विंटल गेहूं का क्रय किया गया है। खास बात तो यह है कि सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं के उठान की गति ना के बराबर है। यही स्थिति रही तो गेहूं क्रय केंद्रों पर पांच से सात दिनों के अंदर भंडारण की समस्या आ सकती है। यही नहीं साधन सहकारी समिति हनुमानगंज गेहूं क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद करने के लिए खाद रसद विभाग के बोरी लगभग समाप्त हो चुका है। जिससे शुक्रवार से गेहूं क्रय करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।