चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के बलेसरा गांव में बुधवार की देर शाम क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधान पक्ष के समर्थकों में जमकर ईंट पत्थर और लाठी डंडे चले। इसमें महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद भी गांव के वोटरों का वोट अपने पक्ष में ना मिलने की बात को लेकर जीते व हारे दोनों प्रत्याशियों व उनके समर्थकों में टकराव जारी है। इसी तरह बुधवार को बलेसरा गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल कुमार राम और गांव के ही घूरा राम में दिन में कई बार कहासुनी हुई थी। उस वक्त लोगों के समझाने पर मामला शांत हो गया। लेकिन शाम को मामला एक बार फिर बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चलने लगे। इसमें एक पक्ष के घूरा राम (55), रजमुनिया (45), सोनी (16), छोटू (22) तथा दूसरे पक्ष के अनिल राम (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।