चिलकहर। गड़वार-नगरा मार्ग पर स्थित बभनवली गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिया बलिया भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। गड़वार थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी सुमेश प्रजापति उर्फ नंदू (21) अपने दोस्त अजीत प्रजापति (24) के साथ बाइक से गड़वार से गांव की ओर आ रहा था। जबकि सामने से कुरेजी गांव निवासी विशाल सिंह (25) पुत्र परमहंस सिंह अपने चचेरे भाई राज सिंह (30) पुत्र स्व. केशव सिंह और गांव के ही मोनू गुप्ता (26) पुत्र लल्लन गुप्ता के साथ गांव से गड़वार कस्बा जा रहा था। इसी बीच बभनवली गांव के समीप दोनों की मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक आस पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते तब तक सुमेश प्रजापति ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां विशाल सिंह की भी मौत हो गई। बाकी दो की गंभीर हालत देख डाक्टरों ने राज सिंह और अजीत प्रजापति को वाराणसी रेफर कर दिया। जबकि मोनू गुप्ता का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
--------------
इकलौता पुत्र था विशाल
गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी निवासी विशाल सिंह मां-बाप का इकलौता पुत्र था। सड़क हादसे में विशाल की मौत की खबर मिलते ही समूचे गांव में मातम पसर गया। मृतक की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। घर का इकलौता चिराग बुझने के बाद ग्रामीण भी गमगीन हैं।
----------------------