चितबडागांव। नगर पंचायत के मंडी परिसर में खुले मार्केटिंग विभाग व कृषि मंडी समिति के गेहूं क्रय केंद्रों का बुधवार को मंत्री उपेंद्र तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विपणन निरीक्षक (केंद्र प्रभारी) नदारद रहे। इससे क्षुब्ध मंत्री ने जिला विपणन अधिकारी को जमकर फटकार लगाई और केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कर्मियों ने बताया कि अब तक 4748 क्विंटल गेहूं ही खरीद हुई है। केंद्र प्रभारी का उपस्थिति रजिस्टर भी नहीं मिला। उस दौरान मंत्री ने साथ में आए जिला विपणन अधिकारी ने केंद्र प्रभारी अनुपम उपाध्याय को फोन भी मिलाया, लेकिन केंद्र प्रभारी ने फोन नहीं उठाया। जिस पर नाराज मंत्री ने कारवाई का आदेश देने के साथ ही गेहूं की खरीदारी तेज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा कृषि मंडी समिति के केंद्र अब तक 1200 कुंतल खरीद होने पर नाराजगी जताई। वहां के केंद्र प्रभारी कमलेश रावत ने स्वयं के कोरोना संक्रमण की चपेट आने और उस वजह से खरदारी कम होने की बात कही। मंत्री ने डिप्टी आरएमओ को क्षेत्र पंचायत सोहांव में कोटवा व महरेई में एक-एक और गेहूं खरीद केंद्र बनाने का आदेश दिया। इस दौरान तहसीलदार गुलाब चंद्रा व उपजिलाधिकारी राजेश यादव भी उपस्थित रहे।