बैरिया। विधायक सुरेंद्र सिंह ने भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दल चुनाव लड़ने का फैसला किया है और 11 फरवरी को नामांकन करने की घोषणा की है। हालांकि शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे व नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने भी उन्हें टिकट की पेशकश की है, लेकिन विधायक अपने फैसले पर अडिग हैं। वहीं भाजपा के नेता उन्हें मनाने के प्रयास में लगे हुए हैं।
सुरेंद्र सिंह के बड़े भाई परशुराम सिंह का कहना है कि मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक से फोन पर बात की और भाजपा के लिए काम करते रहने को कहा। विधायक ने उनसे कहा कि आपसे मुझे कोई शिकायत नहीं है। मेरे क्षेत्र की जनता कह रही है चुनाव लड़िए । इसलिए मैं निर्दल चुनाव लड़ूंगा। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने भी विधायक सुरेंद्र सिंह को फोन किया। उन्होंने जब फोन नहीं उठाया तो बड़े भाई परशुराम सिंह के मोबाइल पर फोन करके भाजपा को मजबूत करने व निर्दल चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया। किंतु उन्हें साफ कर दिया गया है कि विधायक बैरिया से चुनाव जरूर लड़ेंगे। मंगलवार की देर रात ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व शिवसेना के सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने फोन से विधायक को शिवसेना से प्रत्याशी बनाने की पेशकश की जिसे विधायक ने मना कर दिया। इसी तरह जदयू ने भी संपर्क किया था लेकिन विधायक निर्दल चुनाव लड़ने पर अडिग हैं।