रतसर। क्षेत्र के एकडेरवा (बाराबांध) में मंगलवार को विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन युवक मंगल दल (चौहान कमेटी) द्वारा किया गया। महावीरी झंडा के उपलक्ष्य में आयोजित इस दंगल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली व नेपाल के पहलवानों के साथ महिला पहलवानों ने भी भाग लिया। सबसे रोमांचक कुश्ती में नेपाल के बादल थापा व बिहार के अमित के बीच हुआ, जिसमें बादल थापा विजयी रहे।
एकडेरवा में देर शाम तक चली कुश्ती प्रतियोगिता में बलिया के बड़सरी के पहलवान अंचल ने सिउरी अमहट के रामजी पहलवान को चित कर मुकाबला जीता। चिलकहर के प्रदुम्न पहलवान ने मलप के मन्नू पहलवान को चित किया। नरला बलिया के दिनेश पहलवान ने गाजीपुर के अभय को हराया। बलिया के राहुल पहलवान भी विजयी रहे। महिला पहलवानों में बलिया की सुरभि ने मऊ के शिवांगी को हराया। प्रयागराज की रोशनी और गोरखपुर की रुपाली ने भी अपनी अपनी कुश्ती जीती। इसके पूर्व दंगल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रजनीश राय ने फीता काटकर शुुुुभारंभ किया। निर्णायक की भूमिका विजय पहलवान ने निभाई।