बैरिया। बैरिया तहसील के ग्राम पंचायत जमालपुर में लाखों की लागत से नवनिर्मित एएनएम सेंटर बिना प्रयोग के बदहाली के कगार पर पहुंच चुका है। देखरेख के अभाव एवं विभागीय उपेक्षा के चलते भवन का दरवाजा, खिड़की या तो टूट गए हैं अथवा गायब हो चुके हैं। बाउंड्रीवाल भी टूट रही है। मुख्य दरवाजे का एक हिस्सा गायब है। यह भवन बने कई वर्ष हो रहे हैं लेकिन अभी तक उपयोग विहीन है।
जमालपुर आयुर्वेदिक अस्पताल के पास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां अंतर्गत जमालपुर में एएनएम सेंटर के भवन का निर्माण ठेकेदार द्वारा कराया गया। यह भवन सालों पहले ही पूर्ण हो चुका था लेकिन अभी तक इसकी जानकारी यहां के स्वास्थ्य कर्मियों को नहीं थी कि यह विभाग को हैंडओवर हुआ भी है या नहीं। केंद्र में न ही कोई स्वास्थ्य विभाग का कर्मी बैठता है और न ही कोई स्वास्थ्य संबंधित सामग्री ही उपलब्ध है। प्रसव पीडि़त महिलाओं को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है बावजूद इसके जिम्मेदार लोग आंख मूंदे बैठे हैं। उपेक्षा के चलते ही भवन की हालत दिनों दिन दयनीय होती जा रही है। स्थिति यह है कि एएनएम सेंटर के चारों तरफ बडे-बडे झाड़-झंखाड़ उग आए हैं और जहरीले जीवों का अड्डा बन गया है। गांव के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराया है।