चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के नरांव शिव मंदिर के बगल में स्थापित डॉ. आंबेकर की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर सीओ सहित 6 थानों की पुलिस पहुंच गई।
लोग मौके पर सीसीटीवी कैमरा लगाने और चहारदीवारी करवाने की मांग करने लगे। पुलिस की ओर से प्रतिमा की मरम्मत कराने के साथ ही ग्रामीणों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई। नराव में स्थापित डॉ. आंबेडकर प्रतिमा को फरवरी माह में ही अराजकतत्वों ने तोड़ दिया था। पुलिस ने मरम्मत कराकर लोगों को शांत कराया था। उसे समय भी ग्रामीणों ने सीसीटीवी कैमरा लगवाने और चहारदीवारी की मांग की थी। पुलिस ने आश्वासन दिया था कि एक माह के अंदर काम हो जाएगा। लेकिन आश्वासन पूरा नहीं हो पाया।
बृहस्पतिवार की सुबह जब चौथी बार प्रतिभा क्षतिग्रस्त हुई तो लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लोगों ने कहा कि इस बार जब तक सीसीटीवी कैमरा और चहारदीवारी नहीं होती हम लोग नहीं मानेंगे। लोगों की मांग पर प्रधान की ओर से सीसी कैमरा लगाया जा रहा है। एक पक्ष की मांग थी कि जमीन की चहारदीवारी हो जाए। दूसरा पक्ष चहारदीवारी नहीं होने देना चाहता। तहसीलदार राजेश यादव ने कहा कि एक समिति बनाकर बैठक में इसका निर्णय लिया जाएगा।