बेल्थरारोड। सोनौली-बलिया राजमार्ग पर रविवार की देर शाम तुर्तीपार के पास टेंपो से यात्रा कर रहे वृद्ध की तबीयत बिगड़ गई और शरीर लटक कर टेंपो से बाहर चला गया। एंबुलेंस की मदद से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की उम्र करीब (60) वर्ष है और वह भागलपुर से टेंपो में सवार हुआ। तुर्तीपार के मुजौना के सामने वृद्ध अचानक अचेत हो गया तथा वह टेंपो से बाहर लटक गया। यह देख टेंपो चालक ने वाहन रोककर उसे एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह नीली शर्ट व काली पैंट पहनी थी। चौकी प्रभारी बीबी सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। शिनाख्त होने तक शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया। संवाद