रतसर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर-पचखोरा मार्ग पर चकचमैनिया-कुकुर भुक्का गांव के सामने सोमवार की सुबह ई रिक्शा की चपेट में आने से गांव निवासी मुन्ना गोंड़ की चार वर्षीय पुत्री कीर्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों और आसपास के लोगों ने रतसर-पचखोरा मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी पवन कुमार ने चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया। सोमवार की सुबह कीर्ति अपने घर के सामने खेल रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आ गई। परिजनों की तहरीर पर ईरिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद लोगों के जाम लगाने से एक घंटे तक रतसर-पचखोरा मार्ग अवरुद्ध रहा। चौकी प्रभारी पवन कुमार ने ग्रामीणों को समझाकर किसी तरीके से जाम को शांत कराया। थाना प्रभारी गड़वार आरबी सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर ईरिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चालक की तलाश की जा रही है।