नरहीं। थाना क्षेत्र के लडडूपुर गांव में सोमवार को बिजली चेकिंग करने पहुंचे बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई संतोष कुमार और लाइनमैन रजनीश कुमार सिंह व उपेंद्र पटेल को ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। जेई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व कुछ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र के लडडूपुर सहित कुछ गांवों में बिना बिजली कनेक्शन के तार खींचकर मोटर चलाने सहित अन्य शिकायतों पर अवर अभियंता संतोष कुमार, लाइनमैन रजनीश सिंह व उपेंद्र पटेल लडडूपुर में चेकिंग करने पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बिजली कटौती की शिकायत की। इसको लेकर वाद विवाद हो गया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने लाठी-डंडा से हमला कर दिया। जेई व दोनों लाइनमैन की पिटाई कर दी।
आसपास के ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत किया। थानाध्यक्ष नने बताया कि घायल जेई संतोष कुमार की तहरीर पर लडडूपुर निवासी योगेन्द्र यादव, अमरजीत यादव व कुछ अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
घायल जेई व लाइनमैन का इलाज सीएचसी पर कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।