बलिया। नगर पंचायत चितबड़ागांव के वार्ड नंबर छह स्थित पटेल नगर में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी पर डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं।
वार्ड निवासी हरिंदर वर्मा के नेतृत्व में मुमताज अहमद, मनोज खरवार, शकील अहमद, कुशुम, संजय पटवा, मंजीत गुप्ता, भोला गुप्ता, संजय गुप्ता, अशोक और लक्ष्मण गुप्ता समेत अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा था। इसमें निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अपनाई जा रही प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इंटरलॉकिंग से पहले निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क का मजबूत आधार तैयार किया जाना आवश्यक है। आरोप है कि मौके पर आधार में गिट्टी का प्रयोग किए बिना ही इंटरलॉकिंग कराई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निर्माण कराया गया तो सड़क की मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित हो सकता है।
शिकायत में निर्माण कार्य की जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाने, मानकों की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई । साथ ही सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग की भी आशंका जताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है या नहीं। इस बाबत ईओ सुरेश कुमार मौर्या ने बताया कि अभी शिकायती पत्र हमें प्राप्त नहीं हुई है। मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।