बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित व गृह विज्ञान की परीक्षा को लेकर पूरे दिन अफसर हांफते रहे। इस बीच नकल करते पकड़े गए दो छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। नकल के आरोप में जिलाधिकारी के निर्देश पर दो परीक्षा केंद्रों को तीन साल के लिए डिबार करने की संस्तुति की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने चेताया है कि 21 मार्च तक कक्ष निरीक्षक संबंधित केंद्रों पर उपस्थित नहीं हुए तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने एक कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त करने का आदेश दिया।
हाईस्कूल के गणित की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से खूब इंतजाम किए गए थे लेकिन इसके बावजूद नकल माफियाओं पर लगाम नहीं लग सका। एक ओर जहां पूरे दिन अफसर दौड़ते रहे तो वहीं विभिन्न केंद्रों पर खूब नकल की गंगा भी बही। जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश कुमार सिंह ने बैरिया क्षेत्र के आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। डॉ. लोहिया उच्च माध्यमिक विद्यालय पर नकल करते जहां चार छात्रों को पकड़ लिया वहीं एक छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश केन्द्र व्यवस्थापक को दिया। राष्ट्रीय इंटर कालेज संदवापुर में भी एक छात्र के पास कार्बन कॉपी पाए जाने पर जिला विद्यालय के निर्देश पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दूबेछपरा पर नकल नहीं रोकने पर एक कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त करने का आदेश दिया। दो दिन पहले डीएम के निरीक्षण के दौरान दो केन्द्रों पर नकल सामग्री पाए जाने के मामले में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवकली व जंगली बाबा इंटर कालेज गड़वार के परीक्षा केन्द्र को तीन साल के लिए डिबार करने की संस्तुति की है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि वर्तमान में चल रही परीक्षा तो कराई जाएगी लेकिन तीन साल तक यह विद्यालय परीक्षा केन्द्र नहीं बन सकेंगे। लगातार कक्ष निरीक्षकों की कमी की सूचना को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने चेतावनी जारी कर बताया है कि 21 मार्च तक संबंधित परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित नहीं होने वाले कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ एफआईआर कराया जाएगा।